ग्राम निगरानी समिति लोगों को जागरूक करें और डाउनलोड कराएं आरोग्य सेतु एप
बागपत। डीएम शकुंतला गौतम ने कहा कि ग्राम निगरानी समिति और कर्मचारी लोगों को जागरूक करने का कार्य करें। अधिक से अधिक लोगों को आरोग्य सेतु एप डाउनलोड कराएं।
डीएम ने विकास भवन सभागार के कोविड-19 कंट्रोल रूम में बैठक ली। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस जिस तरीके से फैल रहा है, इसके प्रति लोगों को अधिक से अधिक जागरूक करें और अपना भी बचाव करें। अधिकारियों की जो जिम्मेदारी हैं, उस पर खरे उतरें। डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक लोगों के मोबाइल में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड कराएं। उन्होंने स्वयं सहायता समूह को भी महिलाओं के मोबाइल में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड कराए जाने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत स्तर पर जो ग्राम निगरानी समिति है, वह अधिक से अधिक कोरोना के प्रति लोगों को जागरूक करें और सभी व्यक्ति सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराएं। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि गोवंश के लिए छायादार व्यवस्था होनी चाहिए। अस्थाई गोवंश आश्रय स्थल देख लिए जाएं, चारे की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। सूखे भूसे का भी इंतजाम पर्याप्त मात्रा में कर लिया जाए। कोई भी गोवंश सड़कों पर नजर नहीं आना चाहिए। जिला पंचायती राज अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में समय-समय पर सैनिटाइज और साफ-सफाई पर्याप्त होती रहनी चाहिए, इसमें कोई भी लापरवाही न बरती जाएं। सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहे। मुख्य विकास अधिकारी पीसी जायसवाल, जिला विकास अधिकारी हूबलाल, डिप्टी कलेक्टर अजय कुमार उपस्थित रहे।