जिले से लिए जाएंगे 744 महिला, पुरुष और बच्चों के सैंपल
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में चार जून से सीरो सर्वे शुरू किया जाएगा। इसके लिए दस टीमों का गठन किया गया है। जिले से महिला-पुरुष और बच्चों के 744 सैंपल लेकर जांच के लिए जाएंगे।
शासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने चार जून से शुरू होने वाले सीरो सर्वे की कार्ययोजना तैयार कर ली है। सीरो सर्वे के दौरान कोरोना से संक्रमित लोगों की आयु और सैंपलिंग सहित सभी मानकों की रिपोर्ट तैयार की जाएगी। जिला स्तर पर सर्वे करने वाले कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया है। कर्मचारी शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना को मात देने वाले लोगों का सर्वे कर उनका सैंपल लेंगे।
सीएमओ डॉ. आरके टंडन ने बताया कि कोरोना की पहली लहर के बाद भी जिले में सीरो सर्वे कराया गया था। अब शासन ने फिर से सीरो सर्वे कराने के निर्देश दिए है। सर्वे के लिए दस टीमों का गठन किया गया है। टीमें जिले के 31 क्षेत्रों में 24-24 सैंपल लेंगी। इनमें आठ पुरुष, आठ महिला और पांच से 17 वर्ष आयु वर्ग के आठ बच्चों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे।