- वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने शुक्रवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया
- विकास कार्यों की समीक्षा में विजिलेंस की टीम पर वसूली करने के आरोप पर भड़के मंत्री
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने शुक्रवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। गंदगी देखकर अस्पताल प्रबंधन को फटकार लगाई। मंत्री हाथ धोने लगे तो उनको साबुन तक नहीं मिला। मरीजों से बातचीत करके भी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली गई। सांसद डा. सत्यपाल सिंह भी सामान्य घायल मरीजों को भी रेफर करने की जानकारी मिलने पर नाराज हुए। मंत्री ने अस्पताल में व्यवस्थाएं बेहतर करने के निर्देश दिए।
अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद मंत्री सुरेश खन्ना ने कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और कानून व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की। कानून व्यवस्था को लेकर मंत्री ने संतुष्टि जताई। पहले के मुकाबले अपराध पर काफी लगाम लगने की बात कही। मंत्री को पता चला कि विजिलेंस की टीम बिजली चोरी पकड़ने के नाम पर गांवों में छापा मारकर लोगों का उत्पीड़न कर रही हैं। इस पर मंत्री का गुस्सा भड़क गया और एसई को विजिलेंस में शामिल कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कहा।
मंत्री ने अधिकारियों को सरकार की मंशा के अनुसार हर गरीब तक योजनाओं का लाभ देने के निर्देश दिए। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात से पहले बाढ़ संभावित जगहों पर व्यवस्था बेहतर की जाएं। कहा कि नहरों के माध्यम से किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिले। इसके अलावा उन्होंने गोवंश संरक्षण, खाद्य सुरक्षा अधिनियम योजना, हर घर जल योजना, गेहूं खरीद, स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं, ग्रामीण विकास से जुड़े सभी कार्यक्रमों की समीक्षा की। मंत्री ने जल निगम को निर्देश दिए कि पेयजल योजना का लाभ हर घर तक देना है। जितनी भी जगह पाइपलाइन बिछाने से सड़क टूटती है तो उसे ठीक किया जाए। उन्होंने सरूरपुर की गोशाला में एक टीन शेड बढ़ाने के निर्देश दिए।
सांसद ने एसपी कार्यालय व सर्किट हाउस बनवाने की मांग रखी
सांसद डा. सत्यपाल सिंह ने मंत्री के सामने बागपत में एसपी कार्यालय और सर्किट हाउस बनवाने की मांग रखी। इसके अलावा बस अड्डे की समस्या भी उठाई। इस दौरान विधायक योगेश धामा, सांसद प्रतिनिधि प्रदीप ठाकुर, जितेंद्र पहलवान प्रमुख समेत सभी अधिकारी मौजूद रहे।
गोशाला, सचिवालय व पेयजल लाइन का निरीक्षण किया
मंत्री सुरेश खन्ना ने सरूरपुर कलां में गोशाला का निरीक्षण किया। प्रधान के पति जगबीर सिंह ने मंत्री के सामने समस्या रखी कि एक पशु के चारे के लिए केवल तीस रुपये प्रतिदिन मिलता है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह व्यवस्था ठीक कराए। इसके बाद बावली गांव में सचिवालय का निरीक्षण किया। बासौली गांव में पेयजल लाइन का निरीक्षण किया।
मंत्री ने सरूरपुर में सुनीं समस्याएं
मंत्री सुरेश खन्ना ने सरूरपुर में सचिवालय में समस्याएं सुनी। लोगों ने तालाब की गंदगी की समस्या रखी। युवाओं ने सेना भर्ती नहीं होने की बात रखी। प्रधानपति जसबीर सिंह, डा. देशवीर सिंह, हरबीर सिंह, सुनील कुमार, बिल्लू कश्यप ने भी कई समस्याएं रखी। मंत्री समस्याओं के समाधान के लिए अफसरों को निर्देशित किया।
बैनर पर नाम नहीं लिखने पर सांसद हुए नाराज
आशीर्वाद रिसोर्ट में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री सुरेश खन्ना के साथ ही सांसद डा. सत्यपाल सिंह भी पहुंचे थे। मंच के पीछे लगे बैनर पर मंत्री सुरेश खन्ना, मंत्री दिनेश खटीक, क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनिवाल का नाम लिखा था। सांसद मंच पर बोलने के लिए आए तो उन्होंने सबसे पहले इस पर ही नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि बैनर पर मेरा नाम तक नहीं लिखा गया है। पूरे कार्यक्रम में पदाधिकारी व कार्यकर्ता इसे लेकर ही चर्चा करते रहे।