- प्रेमी के साथ शादी की जिद करने पर 23 जुलाई को परिजनों ने कर दी थी पलड़ा गांव की सानिया की हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। प्रेमी से शादी की जिद करने पर पलड़ा गांव की सानिया की हत्या के मुकदमे में आरोपियों पर एससी-एसटी एक्ट की धारा भी बढ़ाई जाएगी। इसके लिए सागर और उसके परिजनों ने दोघट पुलिस को अपना जाति प्रमाणपत्र भी सौंपा। उधर, पुलिस ने तीनों को नलकूप पर ले जाकर जांच की, जहां उन्हें बंधक बनाकर पीटा गया था।
पलड़ा गांव की रहने वाली सानिया 15 जुलाई को अपने प्रेमी सागर के साथ हिमाचल चली गई थी। उसकी तलाश में जुटे परिवार वालों ने दोनों को हिमाचल के उन्ना जिले से पकड़कर पिटाई की और फिर नलकूप पर बंधक बनाकर पीटा गया। 23 जुलाई को परिवार वालों ने सानिया की हत्या कर शव दबा दिया और ग्रामीणों को टीबी की बीमारी से मौत होने के बारे में बताया।
एसपी से शिकायत होने के बाद दोघट पुलिस ने कार्रवाई शुरू की तो हत्या का पता चला। पुलिस ने कब्रिस्तान में दबाए गए शव को निकालकर दो बार शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें सानिया की गला और मुंह दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई। उधर, पुलिस ने हत्या में शामिल मृतका के भाई साहिब, चचेरे भाई सादिक, ताऊ मतलूब निवासी पलड़ा, फूफा नसीम निवासी असारा, फुफेरा भाई अरमान, शान मोहम्मद निवासी सुन्ना जिला शामली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि पिता बलीस, आरिस और तीन अज्ञात आरोपी अभी तक पकड़ से बहार हैं।
उधर, सागर का परिवार गांव से बाहर जाकर रहने लगा था। इस मामले में पुलिस ने बताया कि सागर और उसके पिता रामपाल के साथ आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों से गालियां देकर बंधक बनाकर पिटाई की थी। उनका जाति प्रमाणपत्र जांच में शामिल कर मुकदमे में एससी-एसटी एक्ट की धारा भी जल्द बढ़ाई जाएगी।