बागपत। जिला स्तर पर यूपी बोर्ड की व्यक्तिगत परीक्षा में आवेदन पत्रों की जांच शुरू हो गई है। फार्मों की जांच के लिए तहसीलवार टीमों का गठन किया गया है। जांच के बाद फॉर्म और छात्रों की सूची परिषद को भेजी जाएगी।
जिले में यूपी बोर्ड की व्यक्तिगत परीक्षा के लिए 154 और इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए 1113 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। जिला स्तर पर छात्रों के आवेदन पत्रों की जांच कराने के लिए तहसीलवार तीन टीमों का गठन किया गया है। टीम में एक प्रभारी और तीन सदस्य शामिल किए गए है। बड़ौत तहसील में राजकीय हाईस्कूल बसौद के प्रधानाचार्य अंतरिक्ष कुमार, बागपत तहसील में राजकीय हाईस्कूल अहेड़ा के प्रधानाचार्य रामनिवास और खेकड़ा तहसील में राजकीय हाईस्कूल गौना के प्रधानाचार्य ज्वाला प्रसाद को प्रभारी नियुक्त किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में तीनों तहसील प्रभारियों के निर्देशन में व्यक्तिगत परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले छात्र-छात्राओं के फॉर्मों की जांच कराई जा रही है। जांच के उपरांत छात्रों के आवेदन और सूची परिषद को भेजी जाएगी।
कार्यालय में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं के आवेदन की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद छात्रों के आवेदन फॉर्म और सूची परिषद को भेजी जाएगी। - रवींद्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक