- अधिकारियों की प्राथमिक जांच में भाजपा नेता के नाम नहीं मिली जमीन, भाई-बहन का नाम कागजों में दर्ज
- डीएम को आज रिपोर्ट सौंपेंगे तहसील अधिकारी, उसके आधार पर होगी आगे की कार्रवाई, पुलिस भी कर रही जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। दिल्ली रोड पर भाजपा नेता के निर्माण कराने के मामले में अधिकारियों ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। एसडीएम ने निर्माण कार्य को रुकवा दिया है। प्राथमिक जांच में जमीन भाजपा नेता के नाम नहीं मिली है, बल्कि कागजों में शिकायत करने वाले भाई-बहन के नाम दर्ज है। इसमें तहसील अधिकारी बुधवार को अपनी जांच रिपोर्ट डीएम को सौंप देंगे, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
चौहनान मोहल्ले की रहने वाली किशोरी पवित्रा व उसके भाई ध्रुव ने आरोप लगाया था कि दिल्ली रोड पर उनकी जमीन पर कब्जा करके एक भाजपा नेता निर्माण करा रहा है। इस मामले में डीएम ने एसडीएम व तहसीलदार को जांच करके कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। एक बार निर्माण कार्य रुकवाने के बाद दोबारा से शुरू कर दिया गया। इस पर पवित्रा व उसके भाई ध्रुव ने राज्यमंत्री केपी मलिक से मिलकर अपनी पीड़ा बताई। इसके बाद मंगलवार को एसडीएम अनुभव सिंह ने सभी कागजों को देखकर निर्माण कार्य बंद करा दिया। एसडीएम अनुभव सिंह ने बताया कि जमीन के कागजों में भाजपा नेता का नाम नहीं है, जबकि पवित्रा व ध्रुव के नाम दर्ज है। अब भाजपा नेता के उस दावे पर जांच की जा रही है, जिसमें उसने एक हिस्सेदार से जमीन खरीदने की बात कही है और उसका अभी कागजों में नाम नहीं चढ़ सका है। इस मामले में बुधवार को डीएम को सौंपी जाने वाली रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस भी सौंपेगी अपनी जांच रिपोर्ट
एसडीएम अुनभव सिंह के अनुसार इस मामले में पुलिस भी जांच कर रही है। पुलिस की इस मामले में जिस तरह की रिपोर्ट तैयार होगी, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।