बागपत, रटौल। बड़ागांव में बिजली लाइन ठीक करते समय दो दिन पहले झुलसे पांची गांव के संविदा लाइनमैन विकास त्यागी (35) की दिल्ली के एम्स अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। जिसका शव मंगलवार देर शाम गांव लाया गया।
पांची गांव का रहने वाला विकास त्यागी ऊर्जा निगम में संविदा लाइनमैन पद पर तैनात था। वह रविवार को शिकायत मिलने पर बड़ागांव में मंशा देवी मंदिर के पास बिजलीघर से शट डाउन लेने के बाद खंभे पर चढ़कर लाइन ठीक कर रह था। अचानक लाइन में करंट आने से विकास त्यागी झुलस गया। जिसका पैर कटकर अलग गिर गया। गंभीर रूप से झुलसे विकास त्यागी का दिल्ली के एम्स अस्पताल में उपचार कराया गया, जहां सोमवार देर रात उपचार के दौरान विकास त्यागी की मौत हो गई।
मृतक विकास त्यागी के एक बेटा और एक बेटी है। उधर, पुलिस का कहना है कि लाइनमैन के परिजनों की तहरीर पर बड़ागांव बिजलीघर पर तैनात एसएसओ वीरेंद्र कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।