कांवड़ यात्रा और पुरा महादेव के ऐतिहासिक मेले को देखते हुए जिले के शिक्षण संस्थाओं में 30 जुलाई से दो अगस्त तक अवकाश रहेगा। डीएम ने डीआईओएस और बीएसए को इस बाबत निर्देश भेज दिए हैं।
डीएम हृदय शंकर तिवारी ने बताया कि कांवड़ियों की संख्या बढ़ने के कारण कांवड़ मार्गों पर रूट या तो डायवर्ट करना पड़ रहा है, या फिर मार्ग बंद कर दिए जाएंगे। ऐसे में स्कूली बच्चों को परेशानी होना लाजिमी है। इसलिए जनपद के शिक्षण संस्थान 30 जुलाई से दो अगस्त तक बंद करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। डीआईओएस और बीएसए को निर्देश दिए गए हैं।
कांवड़ियों की सुरक्षा चाक चौबंद
बागपत। कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस अफसरों ने एक और प्लान तैयार किया है। इस बार पुलिस की हर कांवड़िए पर नजर है। बाइक पर सवार होकर पुलिस वाले दूरबीन की मदद से कांवड़ियों की सुरक्षा का जायजा ले रहे हैं।
कांवड़ियों की सुरक्षा में पुलिस कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती है। इस बार बाइकों पर सवार होकर भी पुलिस दस्ता कांवड़ियों की निगरानी कर रहा है। एएसपी अजीजुल हक का कहना है कि कांवड़ मार्ग पर 30 बाइक पर पुलिसवाले दूरबीन से लैस किए गए हैं। किसी ने खुराफात करने की कोशिश की तो कार्रवाई की जाएगी।
वाहन खड़ा मिला तो होगा जब्त
बागपत। कांवड़ मार्ग पर वाहन खड़ा करना वाहन स्वामी को महंगा पड़ सकता है। मेला सेल प्रभारी इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह का कहना है कि कांवड़ मार्ग पर वाहन खड़ा मिला तो उसी समय वाहन को जब्त कर लिया जाएगा। कार्रवाई भी होगी।