बागपत। पाबला-बेगमाबाद गांव के पब्लिक स्कूल संचालक से गांव के लोगों ने 20 लाख रुपये की मांग की। धमकी दी यदि रुपये नहीं दिए तो जान से मार दिया जाएगा। पीड़ितों ने एसपी दफ्तर में पहुंचकर एएसपी से शिकायत कर सुरक्षा मांगी।
अग्रवाल मंडी टटीरी के गजेंद्र सिंह का कहना है कि वह अपनी पत्नी प्रीति के साथ पाबला बेगमाबाद गांव में विद्या एकेडमी स्कूल चलाता है। गांव के कुछ लोग उनसे नाजायज रुपये की डिमांड करते हैं।
पिछले दिनों आरोपियों ने उस पर स्कूल में ही हमला कर दिया था। पुलिस से शिकायत की, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई थी।
आरोपी पिछले दो-तीन दिन से स्कूल के आसपास हथियार लेकर घूम रहे हैं। उससे 20 लाख रुपये की मांग की जा रही है। रुपये न देने पर भुगत लेने की धमकी दे रहे है। इससे उनका पूरा परिवार भयभीत है। उसने काफी लोगों के साथ बृहस्पतिवार को एसपी दफ्तर पर पहुंचकर एएसपी से अपनी सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एएसपी संजीव सुमन ने कोतवाली पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।