ग्राम सांकरौद में एक बार फिर से पंचायत होने का शोर मच गया। धर्मपाल और उसकी पत्नी ने लोगों से कहा कि गांव में फिर पंचायत की जा रही है। जाट बिरादरी के लोग हवेली के पास पंचायत कर रहे हैं। उसके पति को भी बुलाया जा रहा था, लेकिन उसे नहीं पता कि उसके पति वहां गए हैं कि नहीं।
उधर, इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने कहा कि पहले ही पंचायत की अफवाह ने इतना बवाल मचा दिया है। अब कोई पंचायत नहीं हुई है। पूरे गांव में पुलिस तैनात है। बेवजह अफवाह उड़ाई जा रही है।
ग्राम सांकरौद में धर्मपाल से बात करने के लिए लोग पहुंचे, तो वहां नहीं मिले। उनकी पत्नी घर के अंदर मौजूद थीं। धर्मपाल की पत्नी लोगों को देखते ही बोली कि गांव में फिर पंचायत हो रही है। हवेली के पास जाट बिरादरी के लोग पंचायत कर रहे हैं। चुपचाप एक घर के अंदर पंचायत हो रही है।
उन्हें बहुत डर लग रहा है। उनके पति को भी बुलाया गया था, लेकिन वे गए हैं कि नहीं, इसकी उसे जानकारी नहीं है। वह तो बागपत जाने की बात कहकर गए हैं। जैसे ही लोगों को इस बात की जानकारी हुई, लोग तुरंत गांव में बनी पुरानी हवेली की ओर पहुंचे।
गांव में मौजूद मीडियाकर्मी भी हवेली पहुंच गए, लेकिन वहां कुछ ही लोग मौजूद मिले। पूछते ही वहां मौजूद लोग भड़क उठे। उन्होंने कहा कि गांव को पंचायत के नाम पर बदनाम किया जा रहा है। एक आदमी दूसरे आदमी से बात करने लगे तो क्या पंचायत हो गई। कुछ रिश्तेदार आए थे उनके यहां।
उसे ही कह दिया कि पंचायत हो रही है। जाट महासभा के लोग आए थे मामले को शांत करने के लिए। उसको भी पंचायत बना दिया। शांति से रहने दो। एक व्यक्ति ने पूरे गांव को शक के घेरे में ला दिया है। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र का कहना है कि पहले ही पंचायत की अफवाह ने इतना बवाल मचा दिया है।
अब कोई पंचायत नहीं है। पूरे गांव में पुलिस तैनात है। बेवजह अफवाह उड़ाई जा रही है।