बागपत। सफाईकर्मियों ने बृहस्पतिवार को नगर पालिका में पहुंचकर प्रदर्शन किया और अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन देकर दो महीने का वेतन दिलाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि 24 घंटे में वेतन खातों में नहीं भेजा गया तो सफाईकर्मी होली पर्व से पहले आंदोलन शुरू कर देंगे।
सफाई नायक सतीश कुमार ने बताया कि दो महीने से स्थायी सफाईकर्मियों और आउटसोर्सिंग कर्मियों का वेतन नहीं दिया गया। अब होली पर्व नजदीक आ गया है, लेकिन वेतन नहीं मिलने के कारण आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि चेयरमैन और अधिशासी अधिकारी के विवाद में सफाईकर्मियों का वेतन लटका दिया गया है, जिससे कर्मियों में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। वेतन नहीं मिला तो उनके परिवार होली भी नहीं मना पाएंगे।
उन्होंने कहा कि 24 घंटे में वेतन नहीं मिला तो सफाईकर्मी बैठक करके आंदोलन की तैयारी करेंगे। इस मौके पर राजेंद्र, विकास, संजय, विष्णु समेत अन्य मौजूद रहे। इस मामले में अधिशासी अधिकारी केके भड़ाना का कहना है कि कंपनी को सफाईकर्मियों का वेतन और अन्य भुगतान देने के निर्देश दिए गए है, जल्द ही वेतन जारी करा दिया जाएगा।