तीन दिन के सामूहिक अवकाश पर गए ग्राम सचिव
बागपत। ग्राम विकास और ग्राम पंचायत अधिकारी संघ ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। मांग पूरी न करने पर आंदोलन की रूपरेखा से अवगत कराया गया। तीन सूत्रीय मांगों को लेकर ग्राम सचिव तीन दिन के सामूहिक अवकाश पर रहे।
शुक्रवार को ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारी समन्वयक समिति के जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार के नेतृत्व में ग्राम सचिव कलक्ट्रेट पहुंचे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि तीन मांगों को लेकर प्रदेश में आंदोलन चल रहा है। उनकी मुख्य मांग शैक्षिक योजना इंटरमीडिएट के स्थान पर स्नातक और अधिमानी शैक्षिक योग्यता ट्रिपल-सी या ओ-लेवर करने, सातवें वेतन आयोग की मैट्रिक्स के सापेक्ष लेवर पांच पर प्रारंभिक मूल वेतन 29200 रुपये प्रदान करने, सीधी भर्ती के सापेक्ष प्रोन्नती पद कम से कम 30 प्रतिशत सृजित कर समय से 10 वर्ष पर प्रथम प्रोन्नति, 16 वर्ष पर द्वितीय, 26 वर्ष पर तृतीय प्रोन्नति देने की है।
ऐसा न करने पर प्रोन्नति पद का वेतन एसीपी की अनुमान्यता में प्रदान करने की मांग मुख्य है।
इसके अलावा जिला मुख्यालय पर गेट मीटिंग दो से 27 दिसंबर शाम चार से पांच बजे तक, प्रदेश स्तरीय धरना 30 दिसंबर को, क्रमिक अनशन दो जनवरी को जिला मुख्यालय पर और 20 जनवरी को पूर्ण कार्य बहिष्कार रहेगा। मांगों का समाधान न होने पर सत्याग्रह शुरू कर दिया जाएगा। सुनील बंसल, जोनी चौधरी, रोहित खोखर प्रेम कुमार, नितिन तोमर, अनिल मान, पवन राणा, कृष्ण तोमर, रवि कुमार, रविंद्र यादव, गौरव राणा और सुधीर रूहेला मौजूद रहे।