खेकड़ा। कस्बे के शांतिनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में विराजमान जैन मुनि सुदेवानंद महाराज की शुक्रवार देर रात समाधि हो गई। श्रद्धालुओं ने महाराज का अंतिम डोला निकालकर समाधि क्रिया पूर्ण कराई।
गुरुग्राम के रहने वाले सुदेवानंद महाराज छोटा बाजार स्थित शांतिनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में विराजमान थे। वह कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। शुक्रवार की शाम मंदिर में वसुनंदी महाराज ने उन्हें पहले क्षुल्क और इसके बाद मुनि की दीक्षा दिलाई। दीक्षा लेने के कुछ देर बाद ही सुदेवानंद महाराज की यम संलेखना पूर्वक समाधि हो गई। शनिवार सुबह श्रद्धालुओं ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर में एकत्र हो गए। इसके बाद श्रद्धालुओं ने बैंडबाजों के साथ समाधिस्थ महाराज की कस्बे में डोला यात्रा निकाली। डोला यात्रा बड़ा बाजार, छोटा बाजार, पुलिस चौकी चौराहा से होते हुए जैन इंटर कॉलेज में पहुंची। डोल यात्रा में श्रद्धालु अबीर गुलाल उड़ा समाधिस्त महाराज की जय जयकार करते चल रहे थे। श्रद्धालुओं ने कॉलेज परिसर में विधि विधान पूर्वक समाधिस्थ महाराज की समाधि क्रिया संपन्न कराई।
इस दौरान सुमेर जैन, राजेश जैन, विकास जैन, नरेश जैन, राहुल जैन, आकाश जैन, अंकुश जैन, मोहित जैन, आयुष जैन, महेश जैन, मुकेश जैन, अजेश जैन, जिनेश जैन आदि श्रद्धालु शामिल रहे।