-शराब के ठेके के सेल्समैन ने फायरिंग का आरोप लगाकर पुलिस से की कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा। शराब की पेटी उधार नहीं देने पर सेल्समैन अजय कुमार पर गांव के ही तीन लोगों ने हमला कर दिया। इसमें फायरिंग का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पूरी घटना की जांच शुरू कर दी है।
बसी गांव निवासी अनुज ने बताया कि उसके चाचा अजय कुमार गांव में शराब के ठेके पर सेल्समैन हैं। गांव के ही एक व्यक्ति ने ठेके पर जाकर उसके चाचा से शराब की चार पेटी उधार मांगीं। चाचा ने शराब की पेटी उधार देने से मना किया तो आरोपी ने किसी काम के बहाने से उसके चाचा को बाहर बुलाकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप लगाया कि हमलावरों ने ठेके के गल्ले से 35 हजार रुपये भी निकाल लिए। वहां आए परिवार के लोगों ने बीच बचाव कराया तो हमलावरों ने घर आकर उसके चाचा पर गोली चला दी। इसमें चाचा बाल-बाल बच गए। इस मामले में जांच अधिकारी ने बताया कि जांच के आधार पर घटना में कार्रवाई की जाएगी।