पश्चिमी यूपी में दो दिन से हो रही तेज बारिश व आंधी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। देवबंद के घ्याना गांव में आंधी, तूफान और बारिश के कारण एक मकान की छत भरभराकर गिर पड़ी। मलबे में दबकर किशोर की दर्दनाक माैत हो गई। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
देवबंद के घ्याना गांव में शुक्रवार रात तेज आंधी और बारिश के चलते एक मकान की छत भरभराकर ढह गई। इस दौरान मलबे में दबने से एक किशोर की मौत हो गई। शनिवार की सुबह गमगीन माहौल में मृतक किशोर का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
विज्ञापन
घ्याना निवासी अनिल उर्फ लिल्लू मेहनत मजदूरी करता है। उसकी पत्नी की कुछ वर्ष पूर्व मृत्यु हो गई थी। लिल्लू ने कमरे बनाकर उस पर सीमेंट की चादर डाल रखी थी। शुक्रवार रात अचानक आई तेज आंधी और बारिश से सीमेंट की चादर टूटकर नीचे गिर गई। जिससे कमरे में सो रहे लिल्लू का पुत्र निहाल (15) की मलबे में दबकर गंभीर घायल हो गया।
लिल्लू के मकान की छत गिरने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे किशोर निहाल को बाहर निकाला। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। निहाल की अचानक हुई मौत से घ्याना गांव में मातम पसरा हुआ है।
विज्ञापन
पीड़ित लिल्लू ने बताया कि अब उसके पास रहने के लिए मकान भी नहीं बचा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से लिल्लू के परिवार को आर्थिक सहायता मुहैया कराने की मांग की है।