सड़क हादसे में किसान की मौत, भतीजा-भतीजी घायल
बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर लधवाड़ी मोड़ के पास बैल-बुग्गी में स्कार्पियो ने टक्कर मार दी। हादसे में बुग्गी में सवार किसान की मौके पर ही मौत हो गई जबकि किसान के भतीजा और भजीती गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। किसान की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
सरूरपुर कलां गांव निवासी राजेंद्र (58) खेती कर परिवार का पालन पोषण करता था। रविवार को अपने भतीजे दीपक व भतीजी अंजली के साथ बैल-बुग्गी में सवार होकर खेत में काम करने गया था। अपराह्न तीन बजे खेत से घर लौट रहे थे। जब वे दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर लधवाड़ी मोड के पास पहुंचे तो सामने से आ रही स्कार्पियो ने बैल-बुग्गी में टक्कर मार दी। हादसे में किसान की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दीपक और अंजली गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। अभी तक परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
------------
सड़क हादसे में बाल-बाल बचे शिक्षक और परिजन
बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर खुब्बीपुर निवाड़ा गांव के पास धान से लदे ट्रक ने दो कार में साइड मार दी। कार में सवार प्राथमिक विद्यालय नंबर दो सिसाना की प्रधानाध्यापिका प्रवेश रानी, उनके पति राकेश आर्य, बेटा गौरव आर्य, राजीव चौहान निवासी पाली और दूसरी कार में सवार शिक्षक राकेश कुमार गंगाराम, रामपाल सिंह, कुसुम, रेखा बाल-बाल बच गए। दोनों कार क्षतिग्रस्त हो गई। लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया। दोनों पक्षों में समझौते की बात चल रही है।