स्वास्थ्य केंद्र में तोड़फोड़ के बाद बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : amar ujala
बागपत के बड़ौत नगर की पट्टी चौधरान में अरबन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ब्लड की रिपोर्ट लेने पहुंचे दो युवकों ने जमकर हंगामा काटा। वहां मौजूद चिकित्सक और कर्मचारियों के साथ मारपीट की और जमकर तोड़फोड़ की। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख हमलावर भाग निकले। इस संबंध में एक को नामजद समेत दो के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी।
पट्टी चौधरान में देश पाल चौहान के मकान में अरबन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चल रहा है। बृहस्पतिवार को पट्टी चौधरान का ही राहुल एक अपने साथी के साथ स्वास्थ्य केंद्र में आया और उसने लैब में एलटी अनुज कुमार से अपनी ब्लड रिपोर्ट मांगी। इसी दौरान उनमें कुछ कहासुनी हो गई।
देखते-देखते दोनों युवकों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में डॉ. रेणूका कपूर, एलटी अनुज कुमार और रिजवान कर्मचारी के साथ मारपीट कर तोड़फोड़ कर दी। इससे वहां मौजूद मरीजों में भगदड़ मच गई और वे भाग निकले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इससे पूर्व ही हमलावर भाग गए।
इस संबंध में एलटी अनुज ने राहुल समेत दो के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। इस घटना को लेकर स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों में भय व्याप्त है। एसएसआई चितवन कुमार ने कहा मामूली मारपीट बताया। इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक डॉ. मुकेश उपाध्याय ने कहा इसकी जानकारी विभाग के उच्चाधिकारियों को दे दी।