कासिमपुर खेड़ी गांव में राशन डीलर के प्रस्ताव को लेकर बैठक करते अधिकारी व ग्रामीण।
- फोटो : BARAUT
खुली बैठक में हंगामा, नहीं हुआ राशन डीलर का प्रस्ताव
बड़ौत। कासिमपुर खेड़ी गांव में बृहस्पतिवार को राशन डीलर के प्रस्ताव को लेकर खुली बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। कोरम पूरा न होने के कारण राशन डीलर का प्रस्ताव पारित नहीं हो सका।
डीएम शकुंतला सिंह को शिकायत कर ग्रामीणों ने राशन डीलर के प्रस्ताव के लिए खुली बैठक की मांग की थी। बृहस्पतिवार को डीएम के आदेश पर गांव के पंचायत घर मेें खुली बैठक का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या मेें ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्राम प्रधान मीनाक्षी देवी की अनुपस्थित में यामीन को खुली बैठक के लिए कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। मगर, कार्यवाहक अध्यक्ष भी मौके पर नहीं पहुंचे। इसे लेकर बैठक में जमकर हंगामा हुआ। बाद में कोरम पूरा न होने के कारण बैठक को निरस्त कर दिया गया। 20 फरवरी को बैठक रखने का प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक मेें एडीओ आईएसबी जयपाल सिंह, ग्राम सचिव विकुल, संजय, उपेंद्र आदि शामिल रहे।