- बावली गांव के दोनों भाइयों को थमा दिए गए फॉरेस्ट गार्ड के फर्जी नियुक्ति पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। बावली गांव के प्रवीण कुमार ने नौकरी के नाम पर 21 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में सहारनपुर जिले के गंगोह निवासी अंकुर, मयंक व टिंकू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्रवीण ने बताया कि वर्ष 2020 में अंकुर, मयंक व टिंकू से उसकी मुलाकात हुई। उन्होंने उसे व उसके भाई को वन विभाग में फॉरेस्ट गार्ड के पद पर नौकरी लगवाने की बात कही। इसके लिए उन्होंने पहले 24 लाख रुपये की मांग की। उन्होंने 21 लाख रुपये पहले व तीन लाख नौकरी मिलने के बाद देने की शर्त रखी। जिसके अनुसार 24 अगस्त 2020 में उन्हें 21 लाख रुपये दे दिए गए। इसके बाद उन्होंने तीन अक्तूबर 2023 में दोनों भाइयों को फॉरेस्ट गार्ड पद के लिए नियुक्ति पत्र थमा दिए।
31 नवंबर 2023 तक बांटा स्थित वन विभाग कार्यालय में ज्वॉइनिंग करने को कहा गया। वहां पहुंचे तो अधिकारियों ने नियुक्ति पत्रों को फर्जी बताया। धोखाधड़ी के शिकार होने के बाद रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि पुलिस से शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद न्यायालय में याचिका दायर की गई। वहीं सीओ अंशु जैन का कहना है कि न्यायालय के आदेश पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इसमें जिस तरह के तथ्य सामने आते हैं, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।