बागपत। जिले में छह जर्जर मार्गों के निर्माण के लिए शासन ने सात करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। इन मार्गों का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा, जिससे 35 से अधिक गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा।
क्षेत्र के लोग घिटौरा नहर पटरी से फिरोजपुर मार्ग, बसी नाला पर सड़क, हिसावदा से शोभापुर व बिलौचपुरा तक बाईपास मार्ग सहित कई सड़कों के निर्माण की मांग लंबे समय से कर रहे थे। विधायक योगेश धामा ने इस संबंध में शासन को प्रस्ताव भेजा था, जिसके बाद बजट मंजूर किया गया है।
घिटौरा नहर पटरी से फिरोजपुर तक डेढ़ किलोमीटर मार्ग पर 97.50 लाख रुपये खर्च होंगे। भागौट, गढ़ी कलंजरी, पूरनपुर नवादा से धारीपुर तक डेढ़ किलोमीटर मार्ग पर एक करोड़ रुपये का व्यय होगा। बसी नाले की पटरी से सुन्हैड़ा बसी तक साढ़े तीन किलोमीटर लंबे मार्ग पर दो करोड़ 21 लाख रुपये और हिसावदा से शोभापुर व बिलौचपुरा तक बाईपास तक साढ़े तीन किलोमीटर लंबे मार्ग पर दो करोड़ 14 लाख रुपये का बजट खर्च किया जाएगा।
सिंघावली अहीर पुलिया से चकबंदी देवता तक दो किलोमीटर लंबी सड़क पर एक करोड़ 36 लाख रुपये खर्च होंगे। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अतुल कुमार ने बताया कि इन मार्गों पर जल्द ही कार्य शुरू करने के लिए निविदा जारी की जाएगी।