खेकड़ा। रालोद के पूर्व नगर अध्यक्ष के हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों और कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को कोतवाली घेरकर हंगामा किया। वे जुलूस के रूप में यहां पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर कोतवाली पर अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी दी।
रालोद के पूर्व नगर अध्यक्ष धर्मेंद्र धामा के परिजन और कार्यकर्ता सुबह करीब दस बजे जुलूस के रूप में जिलाध्यक्ष डॉ. जगपाल तेवतिया के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे। उन्होंने करीब दो घंटे तक हंगामा प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि बीती 18 जुलाई की सुबह रालोद के पूर्व नगर अध्यक्ष धर्मेंद्र धामा पर बाइक सवार दो बदमाशों ने गोलियां बरसाकर जानलेवा हमला किया था। एक गोली धर्मेंद्र के हाथ और दूसरी पीठ में लगी थी। वह दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं। परिजनों ने तभी कोतवाली में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के पांच दिन बाद भी पुलिस बदमाशों की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि रालोद कार्यकर्ता इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। सीओ युवराज सिंह कोतवाली पहुंचे तो उनका घेराव किया। हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी न होने पर अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी दी। सीओ युवराज सिंह ने हमलावरों को जल्द गिरफ्तार कराकर घटना के खुलासे का आश्वासन दिया। इस दौरान खाप चौधरी जितेंद्र धामा, रामकुमार धामा, मोंटी धामा, सूरजपाल, सतेंद्र धामा, जयवीर धामा, बिंदू खलीफा, हरपाल सिंह, प्रमोद धामा, नेपाल, ओमसिंह, बिजेंद्र, संजीव धामा, नरेश धामा, निर्भय सिंह आदि मौजूद रहे।