किसान विरोधी कानून को बर्दाश्त नहीं करेगा रालोद : गठीना
बागपत। सरकार किसान विरोधी कार्य कर रही है। गन्ने का बकाया भुगतान नहीं मिला। कृषि कानून से किसानों का नुकसान हो रहा है। यह बात रालोद जिलाध्यक्ष सुखबीर सिंह गठीना ने कहीं। उन्होंने किसानों के मुद्दे पर आंदोलन की चेतावनी दी। कार्यकर्ताओं को अपने वाहनों पर पार्टी के झंडा लगाने के निर्देश दिए। हाथरस में बेटी के साथ हुई घटना की निंदा की।
सोनीपत स्टैंड स्थित कार्यालय पर आयोजित जिला कार्यकारिणी की बैठक में जिलाध्यक्ष सुखबीर सिंह गठीना ने कहा कि अपने घर व वाहनों पर पार्टी का झंडा व घरों पर नेम प्लेट पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का चित्र लगाएं। किसानों के मुद्दे पर कहा कि चीनी मिलों पर किसानों का लगभग छह सौ करोड़ रुपये का बकाया है। बार-बार मांग करने के बाद भी किसानों के गन्ने का भुगतान नही किया जा रहा है। बैठक में किसानों के बकाए का भुगतान, नहरों की सफाई कराकर नियमित पानी छोड़े जाने तथा 60 साल से अधिक आयु वर्ग के बुजुर्गों के लिए तीन हजार रुपये मासिक पेंशन की मांग की गई।
साथ ही हाथरस में बेटी के साथ हुई घटना पर शासन तथा प्रशासन की निंदा की गई। बैठक में रामपाल धामा, महेंद्र सिंह, जयवीर सिंह तोमर एडवोकेट, ब्रहमपाल सिंह, ओमबीर सिंह, सतेंद्र खोखर, राजू तोमर सिरसली, शरद तोमर, जितेंद्र सिंह, राजपाल सिंह, सोमपाल सिंह, गजेंद्र सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।