बागपत। रालोद प्रत्याशी एवं खतौली विधायक एक बार फिर आचार संहिता के उल्लंघन में फंस गए है। पाबला बेगमाबाद गांव में उनकी जनसभा में बगैर अनुमति के डीजे बजाया गया। इस मामले में उनके खिलाफ कोतवाली पर रिपोर्ट दर्ज हुई। इससे पहले उन पर अलग-अलग थाने में छह केस दर्ज हो चुके है।
रालोद प्रत्याशी करतार भड़ाना की पाबला बेगमाबाद गांव में रविवार को जनसभा थी। इस दौरान वहां पर डीजे बजाया गया, जिसकी प्रशासन से अनुमति नहीं ले रखी थी। इसका पता चलते ही वहां पर उड़न दस्ता पहुंचा। जनसभा में शामिल लोगों से अनुमति के दस्तावेज दिखाने को कहा, लेकिन उनके पास डीजे बजाने की अनुमति नहीं मिली। टीम के सदस्य ने पूरे कार्यक्रम की वीडियोग्राफी की। बाद में उड़नदस्ता प्रभारी ललित कुमार आर्य ने कोतवाली पर पहुंचकर तहरीर दी। कोतवाल अरुण कुमार द्विवेदी ने कहा कि करतार भड़ाना के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज हुआ है। बता दें कि इससे पहले तीन मुकदमे कोतवाली, दो खेकड़ा और एक चांदीनगर थाने में दर्ज है। इस तरह से उनके खिलाफ अभी तक सात मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।