बागपत के खेकड़ा में दिल्ली और इसके आसपास के क्षेत्र में जमात के लिए गए 11 जमाती शुक्रवार को घर लौट आए। पुलिस मौके पर पहुंची तो दो लोगों को कमरे में बैठाकर परिजनों ने बाहर से ताला लगा दिया। पुलिस ने ताला खुलवाया और जमातियों की मेडिकल जांच कराकर क्वारंटीन करने की हिदायत दी।
नगर की लाइनपार बस्ती के पांच, शेखपुरा के तीन और मुबारिकपुर गांव के तीन लोग दिल्ली से अलग-अलग जमात में गए हुए थे। ये लोग अपने घर लौट आए। जानकारी मिलने पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम उनके घर पहुंची। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही दो लोगों के परिजनों ने उन्हें कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया।
शक होने पर पुलिस ने ताला खुलवाया और मेडिकल कराया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इन्हें होम क्वारंटाइन रहने की सलाह दी है। ये जमाती दिल्ली, आजादपुर मंडी और प्रहलादपुर गांव गए हुए थे।
उधर, बागपत में सोनीपत रोड के फार्म हाउस में रह रहे 58 जमातियों का मेडिकल किया गया। जिले में अब तक आठ राज्यों के करीब 275 जमाती मिल चुके हैं।