बागपत के महेशपुर चोपड़ा गांव के पास से गुजर रही पूर्वी यमुना नहर में रिटायर फौजी ओमवीर सिंह का शव बोरे में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। बाद में शव की पहचान हुई। पुलिस के मुताबिक ओमवीर अपने दो साथियों के साथ दो दिन पहले दिल्ली गया था। इसके बाद वापस नहीं लौटा। उसकी हत्या किसने और क्यों की, इसका अभी पता नहीं चला।
महेशपुर चोपड़ा गांव से होकर गुजर रही पूर्वी यमुना नहर के पुल के नीचे बोरा पड़ा था। शनिवार को शाम के समय वहां से गुजर रहे लोगों को बोरा पड़ा हुआ दिखाई दिया। उन्होंने इसकी जानकारी गांव के लोगों को दी। उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिंघावली अहीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच की तो उसमें युवक की लाश मिली। उसके सीने में दो गोली लगी हुई मिली। मृतक केवल अंडरवियर पहने हैं। पुलिस ने शव की शनाख्त कराने का प्रयास किया। देर शाम शव की पहचान हुई।
सिंघावली अहीर थाना प्रभारी सतीश चंद्रा ने बताया शव की पहचान नंगला बढ़ी गांव के ओमवीर के रूप में हुई है। मृतक रिटायर फौजी थे। जानकारी मिली है कि दो दिन पहले वे गांव के दो लोगों के साथ दिल्ली गए थे। इसके बाद वापस नहीं लौटे। उनकी हत्या किसने और क्यों की, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। नहर में तो शव को लाकर डाला गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही स्थित स्पष्ट हो जाएगी।