बागपत। मीतली में मामूली कहासुनी में एक व्यक्ति ने सेवानिवृत्त हेड कांस्टेबल पर स्टील के डिब्बे से प्रहार कर घायल कर दिया। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। ग्राम मीतली निवासी भरत वर्ष 2017 में यूपी पुलिस के हेड कांस्टेबल के पद से सेवानिवृत्त हुए थे, जो वर्तमान में गांव में रह रहे है। उन्होंने बताया कि रविवार की रात करीब सवा आठ बजे वह खेत से लौट रहे थे। रास्ते में गांव के ही व्यक्ति से उसकी किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। आरोप है किआरोपी ने उसके सिर पर स्टील के डिब्बे से प्रहार कर दिया, जिसमें वह घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी ओमप्रकाश सिंह का कहना है कि आरोपी सुभाष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
सरकारी नौकरी का झांसा देकर 8.20 लाख ठगे
बागपत। सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर चार युवकों से 8.20 लाख रुपये हड़प लिए है। पुलिस के सुनवाई न करने पर पीड़ितों ने अदालत में याचिका दायर की। एडवोकेट अतुल प्रशांत त्यागी बताया कि फिरोजपुर के युवक ने शामली निवासी अपने भांजे और जनपद एटा के एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर सरकारी नौकरी लगवाने की बात कही। इसके बाद फिरोजपुर के कमल व मसूरी निवासी राहुल, अंकलेश उर्फ अंकुश त्यागी निवासी ग्राम फिरोजपुर, अंकुर यादव निवासी कस्बा खेकड़ा की नौकरी लगवाने के लिए वर्ष 2018 में 8.20 लाख रुपये दिए थे। आरोप है कि न उनकी नौकरी लगवाई और न ही रुपये लौटाए गए। पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इस मामले में अदालत में याचिका दायर की गई। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रीति सिंह की अदालत ने खेकड़ा थाना प्रभारी को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए है। थाना प्रभारी देवेश शर्मा का कहना है कि कोर्ट का आदेश मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।