बागपत। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह व गन्ना विकास समिति के चेयरमैन प्रदीप ठाकुर के साथ लोगों ने सोमवार को केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से दिल्ली में मुलाकात की। वहां लोगों ने गांगनौली गांव में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कट बनवाने की मांग की, जिस पर जल्द कार्रवाई का केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया।
पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह ने कहा कि गांगनौली गांव में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कट बनता है तो इससे करीब 40 गांवों के लोगों को फायदा होगा। यहां से कट की दूरी करीब 25 किलोमीटर है और ऐसे में लोगों को वहां जाने में काफी परेशानी उठानी पड़ेगी। यदि गांगनौली में कट बन जाता है तो इससे लोगों का समय बचेगा और ईंधन भी ज्यादा खर्च नहीं होगा। यहां कट बनने से रोजगार के अवसर भी युवाओं को मिलेंगे। लोगों की समस्या को देखते हुए गांगनौली में कट बनाया जाए। केंद्रीय मंत्री ने जल्द ही समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख जितेंद्र धामा, प्रवेंद्र कुमार, नितिन चौधरी, अनिल तोमर, बिजेंद्र मलिक, आजाद सिंह, ब्लॉक प्रमुख कुलदीप तोमर, धर्मेंद्र प्रधान आदि मौजूद रहे।