बागपत में यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट की अंग्रेेजी द्वितीय प्रश्न पत्र के आउट होने की सूचना से प्रशासन में हड़कंप मच गया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने कॉलेजों में छापामारी के लिए टीमें भेजीं। संयुक्त निदेशक के यहां से भी टीम ने कई जगह छापा मारा। मगर, पेपर आउट होने के बारे में पता नहीं लगा सके।
सुबह लगभग दस बजे ग्राम नंगला सिनौली से कुछ लोगों ने जिलाधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को दोपहर की पाली में होने वाले इंटरमीडिएट के पेपर के आउट होने की सूचना फोन पर दी। डीएम ने स्वयं को इलाहाबाद बताते हुए डीआईओएस को तुरंत सूचना देने के लिए कहा।
डीआईओएस ने कॉलेज का नाम बताने के लिए कहा, लेकिन लोगों ने नहीं बताया। दोपहर 1.40 बजे फिर अधिकारियों को फोन करके अंग्रेजी का पेपर आउट होने और हल पेपर कॉलेज से बाहर होने की सूचना दी। जबकि पेपर 2 बजे से शुरू होना था। इस पर हड़कंप मच गया। मेरठ से संयुक्त निदेशक ने बागपत में टीम भेजकर नंगला सिनौली, शेरपुर लुहारी के कॉलेजों में छापामार कार्रवाई की। लेकिन टीम के हाथ कहीं से भी कुछ नहीं लग सका।
इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक आशुतोष भारद्वाज ने बताया कि दोपहर लगभग 2 बजे उन्हें पेपर आउट होने के बारे में एक व्यक्ति ने फोन किया था। उन्होंने तुरंत ही टीमें भेजकर छापामार कार्रवाई कराई। उन्हें कहीं भी कोई गड़बड़ी नजर नहीं आई। सुबह भी एक सूचना मिली थी, लेकिन जो पेपर उस समय बताया गया, शाम की पाली में वह पेपर नहीं मिला। किसी के पास हल किया हुआ पेपर होता तो कंट्रोल रूम के व्हाट्सएप पर भेजा जा सकता था।