पुलिस ने 15 दुकानदारों के खिलाफ रिपोर्ट कराई
खेकड़ा। साप्ताहिक अवकाश के बाद व्यापारियों ने बाजार में दुकान खोलीं। पुलिस का सख्त रुख देखकर व्यापारी अपनी अपनी दुकानों के शटर गिराकर इधर उधर हो गए । पुलिस ने पंद्रह दुकानों की वीडियो बनाने के साथ ही उनके नाम पते नोट कर रिपोर्ट दर्ज की। इससे व्यापारियों में हड़कंप मचा है।
लॉक डाउन में प्रशासन ने जनपद में खाद्य वस्तुओं की पूर्ति के लिए केवल परचून की दुकानें एवं मेडिकल स्टोर खोले जाने की छूट दी। यह सिलसिला दो माह तक चला। इससे अधिकतर व्यापारियों का कारोबार चौपट हो गया और उनके समक्ष आर्थिक संकट खड़ा हो गया। लॉक डाउन - 4 में पिछले सप्ताह डीएम ने व्यापारियों को कुछ राहत दी। उन्होंने जनपद के बाजारों में शर्तों के साथ दुकानें खोलने की छूट दी। साथ ही जनपद के बाजारों में साप्ताहिक अवकाश के दिन भी घोषित किए। खेकड़ा के बाजार की बंदी का दिन बुधवार तय किया, लेकिन बाजार के अधिकांश व्यापारियों ने अधिकारियों के आदेश की अनदेखी कर बुधवार को भी सुबह आठ बजे दुकानें खोल दी। दुकानें खुलते ही बाजार में भीड़ उमड़ पड़ी। बाजार खुलने की सूचना मिलने पर पुलिस ने सख्त रवैया अपनाते हुए बाजारों में खुली हुई दुकानों की वीडियो बनाने के साथ ही दुकानदारों के नाम पते भी नोट किए। इसके बाद पुलिस ने कोतवाली में पंद्रह दुकानदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाली प्रभारी राज कुमार शर्मा ने बताया कि साप्ताहिक बंदी के बावजूद दुकान खोलने वाले व्यापारियों की सूची डीएम एवं एसपी को भेजी है। पंद्रह व्यापारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
बैंकों के सामने लॉक डाउन की उड़ी धज्जी
खेकड़ा। शहर में बुधवार की सुबह बैंक शाखाएं खुलते ही लेन देन के लिए खाता धारकों की भारी भीड़ लग गई। लोगों में रुपये निकालने को लेकर आपाधापी मच गई। खाता धारक बगैर सोशल डिस्टेंस के धक्का मुक्की करते रहे। साथ ही कुछ लोग तो बगैर मास्क के ही खडे़ मिले। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सोशल डिस्टेंस का पाठ पढ़ाया। इसके अलावा शहर के बाजार में वाहनों एवं पैदल चलने वाले लोगों से भी दोपहर तक जाम की स्थिति बनी रही।