बिनौली। धनौरा सिल्वर नगर गांव के पूर्व सैनिक सोनू की हत्या के मामले में उसके पिता ने थाने पर अज्ञात में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बृहस्पतिवार को धनौरा सिल्वर नगर गांव के जंगल में स्थित नलकूप के भीतर पूर्व सैनिक सोनू पुत्र कृष्णपाल का शव पड़ा मिला था। हत्यारे नलकूप के गेट का बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया था। कुछ दूरी पर खेत में उसका ट्रैक्टर भी पलटा पड़ा था। थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नलकूप का ताला तोड़कर शव को बाहर निकाला। घटना की जांच पड़ताल शुरू कर शव को पोस्टमार्टम के लिए बागपत भेजा था। शुक्रवार को घटना के संबंध में सोनू के पिता कृष्णपाल ने बिनौली थाने में अज्ञात में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। थाना प्रभारी जनक सिंह चौहान ने कहा की जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।