- सीसीएसयू की ओर से पंजीकरण कराने के लिए दिया गया 10 जुलाई तक का समय
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। जिले के कॉलेजों में बीए, बीएससी व बीकॉम समेत अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है। पंजीकरण कराने के लिए अब छात्र-छात्राओं के पास पांच दिन का समय बचा है।
स्नातक और प्रोफेशनल कोर्स की प्रथम वर्ष की कक्षाओं में प्रवेश के लिए चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) ने पंजीकरण पिछले काफी समय से शुरू किए हुए हैं। इसके लिए सीसीएसयू ने छात्र-छात्राओं को पहले 30 जून तक का समय दिया था। इसके बाद समय बढ़ाकर 10 जुलाई कर दिया। दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज की प्राचार्य डॉ. शिन्जिता अग्रवाल ने बताया कि सीसीएसयू में स्नातक कक्षाओं में पंजीकरण कराने की प्रक्रिया जारी है।
10 जुलाई तक आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रवेश के लिए मेरिट तैयार की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में 22 कॉलेज संचालित हैं। इनमें 17 हजार से अधिक सीटों पर प्रवेश होगा। प्रवेश के लिए पहली मेरिट जारी करने को कॉलेजों ने तैयारी तेज कर दी है। बीए, बीकॉम, बीएससी समेत प्रोफेशनल कोर्स की कक्षाओं में प्रवेश कराने के लिए कॉलेजों में अलग-अलग काउंटर बनाए जाएंगे ताकि मेरिट जारी होने पर छात्र-छात्राओं को प्रवेश कराने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।