बागपत। शासन ने लॉकडाउन पीरियड में बच्चों को मध्याह्न भोजन का राशन एवं कनवर्जन कास्ट बच्चों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। बच्चों को राशन उपलब्ध कराने के लिए प्रपत्र जारी किया गया था। अब बच्चों को राशन वितरण शुरूहो गया है। कनवर्जन कास्ट के लिए शिक्षक बच्चों के अभिभावकों के खातों का ब्यौरा जुटाया जा रहा है।
मध्याह्न भोजन प्राधिकरण के जिला समन्वयक फरजान शैरफ ने बताया कि शासन ने प्राथमिक स्तर के छात्रों के लिए 100 ग्राम प्रतिदिन के हिसाब से 7.60 किलोग्राम तथा उच्च प्राथमिक स्तर के लिए 11.40 किग्रा राशन दिया जाएगा। प्राथमिक स्तर के लिए 24 मार्च से 31 मार्च तक 4.48 रुपये प्रतिदिन व एक अप्रैल से 30 जून तक 4.97 रुपये प्रतिदिन तथा उच्च प्राथमिक स्तर के लिए 31 मार्च तक 6.71 रुपये व एक अप्रैल से 30 जून तक 7.45 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से कनवर्जन कास्ट निर्धारित की है। लॉकडाउन पीरियड के दौरान प्राथमिक स्तर पर 374.29 रुपये तथा उच्च प्राथमिक स्तर के लिए 561.02 रुपये निर्धारित किए गए है। राशन वितरण के लिए शासन ने प्रपत्र जारी किया था। अभिभावक प्रपत्र को राशन डीलर को देंगे। इसके उपरांत डीलर छात्र के अभिभावकों को राशन उपलब्ध कराएंगे। जिले में राशन वितरण का कार्य शुरू हो गया है। बच्चों को कनवर्जन कास्ट उपलब्ध कराने के लिए शिक्षक बच्चों के अभिभावकों के खातों का ब्यौरा जुटा रहे है।