खेकड़ा। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह ने गांव सांकरौद में निर्माणाधीन आयुष अस्पताल का निरीक्षण किया। ग्रामीण उन्हें पाठशाला बस स्टैंड से ट्रैक्टर पर बैठाकर जुलूस के साथ कार्यक्रम स्थल पर ले गए और वहां उनका जोरदार स्वागत किया।
गांव सांकरौद में निर्माणाधीन अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य किसानों को आत्म निर्भर बनाने के साथ ही उनकी आय दोगुना करना है। इसके लिए किसान निधि सहित कई योजनाएं लागू की गई है। कृषि कानून भी इसी उद्देश्य से लाए गए हैं। हाशिये पर आ चुकी कुछ विपक्षी पार्टियां भोले भाले किसानों को इन कृषि कानूूनों को लेकर भ्रमित कर रही है, वह अपना खोया जनाधार पुन: प्राप्त करने की जुगाड़बाजी में लगे हैं। किसान उनकी चाल को अच्छी तरह से समझ चुका है। उन्होंने बागपत जनपद को जल्द ही रैपिड ट्रेन की सुविधा उपलब्ध करवाने और बारह सौ युवाओं को सेना में भर्ती करवाने के लिए शिविर आयोजित कराने की भी घोषणा की। इस दौरान पूर्व ब्लाक प्रमुख जितेंद्र धामा, राज सिंह, कविंद्र, कुलदीप, शौकीन, राजबीर सिंह, कृपाल सिंह, रोहताश गुप्ता, योगेश कुमार, अनुज शर्मा, सौरभ चौधरी, विशाल धामा, सुरेश कुमार, पप्पू आदि ग्रामीण मौजूद रहे।