कॉलोनी के लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर किया हंगामा
पुलिस ने बेहोशी की हालत में परिजनों को अस्पताल में भर्ती कराया
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित एक कॉलोनी में बुधवार को एक परिवार को नशीला पदार्थ सुंघाकर घर में मौजूद एक अन्य किशोरी से दुष्कर्म किया गया। आरोप कॉलोनी के ही एक युवक पर लगाया गया है। आसपास के लोगाें ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बेहोशी की हालत मेें महिला व दो बच्चों को नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को हिरासत में लिया है।
कॉलोनी में रहने वाले एक परिवार की महिला व उसके दो मासूम बच्चों को बुधवार की शाम नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया गया। इसके बाद घर मेें ही मौजूद एक किशोरी से दुष्कर्म किया गया। पता चलने पर कॉलोनी के लोग मौके पर पहुंचे तो महिला व उसके बच्चे बेहोशी हालत में थे, जबकि किशोरी एक कोने में बैठी थी। सूचना पर हिंदू युवा वाहिनी के जिला सह प्रभारी आलोक शास्त्री व अन्य कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। शक होने पर कॉलोनी के ही एक युवक को पकड़ने का प्रयास किया तो वह फरार हो गया। सूचना पर कोतवाल अजय शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बेहोशी की हालत में महिला व उसके बच्चों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में पुलिस ने दबिश देकर एक युवक को हिरासत में ले लिया।
कोतवाल अजय शर्मा ने बताया कि बलात्कार जैसा कोई मामला नहीं है। युवक को हिरासत मेें लेकर पूछताछ की जा रही है। महिला के होश में आने पर कुछ स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।