बागपत। सपा जिलाध्यक्ष और उसके भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने वाली पीड़िता का पुलिस ने मेडिकल कराया, इसमें दुष्कर्म की पुष्टि हो गई। उधर, पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज किए। अब एक अप्रैल को न्यायालय में पीड़िता के बयान दर्ज कराए जाएंगे।
शहर की एक काॅलोनी में रहने वाली युवती ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। युवती ने आरोप लगाया कि वह अग्रवाल मंडी टटीरी स्थित सतेंद्र यादव निवासी बालैनी के शोरूम में काम करती थी। सतेंद्र यादव ने शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। इससे वह गर्भवती हो गई। उसने सतेंद्र यादव से शादी करने के लिए कहा तो उसने एक दवाई भेजकर खिलवा दी।
इससे उसकी तबीयत खराब हो गई और गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई। आरोप लगाया कि इसकी जानकारी देने पर सपा जिलाध्यक्ष रविंद्र यादव ने उसके परिवार को खत्म करने की भी धमकी दी। पुलिस का कहना है कि पीड़िता का मेडिकल करा लिया गया है, उसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पीड़िता के धारा 161 के तहत बयान दर्ज कर लिए गए है, अब एक अप्रैल को न्यायालय में बयान दर्ज कराए जाएंगे। बयानों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।