राशिद की हत्या का मामला
25 मई 2018 में हुए पप्पन हत्याकांड का बदला लेने के लिए राशिद को उतारा मौत के घाट
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। बिनौली रोड पर रेलवे क्रांसिग के पास मंगलवार को दिनदहाड़े हुई युवक राशिद की हत्या का कारण वर्ष 2018 में दाहा गांव में हुए पप्पन हत्याकांड की रंजिश सामने आई है। छेड़छाड़ को लेकर पप्पन की हत्या हुई थी। इसी का बदला लेने के लिए राशिद को मौत के घाट उतारा गया है।
दाहा गांव में पप्पन पुत्र यासीन के चचेरे भाई ने यूसुफ पक्ष की लड़की से छेड़छाड़ कर दी थी। इसे लेकर झगड़ा हो गया था। समाज के लोगों ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था। इसके बावजूद पप्पन पक्ष के लोग तंज कस रहे थे। विवाद बढ़ने पर 25 मई 2018 में पप्पन की धारदार हथियारों से काट कर हत्या कर दी गई थी। हमले में मित्तल उर्फ आशु, फारूख, आजाद भी घायल हुए थे। मृतक के पिता यासीन ने यूसुफ, राशिद, हाशिम, कासिम, इरशाद के खिलाफ दोघट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गढ़ी कांगरान मार्ग से यूसुफ, राशिद, कासिम, इरशाद व हाशिम को गिरफ्तार किया गया था।
फैसला न करने पर दी थी जान से मारने की धमकी
पप्पन की हत्या का मामला न्यायालय में विचाराधीन था। इस मामले में पैरवी उसका भाई हारुण पुत्र यासीन कर रहा था। हारुण ने तत्कालीन एसपी शैलेश कुमार पांडेय को शिकायत पत्र देकर बताया था कि वह मुकदमे की पैरवी कर रहा है। आरोपी पक्ष के लगातार फैसले का दबाव बना रहे है। उस जेल से फोन पर मारने की धमकी मिल रही है।
पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी कैमरे
दिनदहाड़े युवक की हत्या के बाद हत्या क्षेत्र में दहशत फैल गई। एसपी अभिषेक कुमार, एएसपी मनीष मिश्र, सीओ आलोक कुमार, कोतवाल अजय शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास दुकानों पर लगे सीसीटीवी खंगाले और लोगों से पूछताछ की। मगर, कोई भी कुछ बताने को तैयार नहीं था।
मृतक की मां ने दर्ज कराया मुकदमा
एसपी ने बताया कि मृतक राशिद की मां साबरा ने हारुण उर्फ काला, फारूख, सोनू पुत्रगण यासीन, अमजद पुत्र आजाद, मित्तल उर्फ आशु पुत्र शरीफ निवासीगण दाहा और भूरा पुत्र नाजर निवासी माल माजरा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। मृतक राशिद दाहा के पप्पन हत्याकांड में आरोपी था।
घड़ी की दुकान में घुस गया था राशिद
बदमाश राशिद पर गोलियां बरसा रहे थे तो वह जान बचाने के लिए घड़ी की दुकान में घुस गया। बदमाशों ने दुकान के अंदर घुसकर उस पर दो गोलियां चलाई और मौत के घाट उतार दिया।