बागपत के नैथला गांव के पास स्थित भट्ठे से विशेष समुदाय की 16 वर्षीय किशोरी का अपहरण का मामला सामने आया है। परिजनों ने कोतवाली में जमकर प्रदर्शन कर किशोरी की बरामदगी और आरोपी युवक की गिरफ्तारी की मांग की है। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण तनाव हो गया।
बुढ़ाना निवासी विशेष समुदाय के व्यक्ति ने पुलिस को बताया वह अपने परिवार के साथ नैथला गांव के पास स्थित एक भट्ठे पर मजदूरी करता है। 25 मई की रात में उसकी बेटी रहस्यमय ढंग से लापता हो गई। 26 मई को सुबह किशोरी घर पर नहीं मिली तो आसपास और रिश्तेदारी में तलाश किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
बाद में जानकारी मिली की भट्ठे पर ही काम करने वाला बुढ़ाना निवासी दूसरी समुदाय का युवक उसकी बेटी का अपहरण करके ले गया। आरोपी युवक के परिजनों से जानकारी की, लेकिन उन्होंने कोई संतोष जनक जवाब नहीं दिया। उसकी बेटी आरोपी युवक के चंगुल में है। इससे पूरा परिवार परेशान है।
पीड़ित परिजनों ने शनिवार को कोतवाली में पहुंचकर किशोरी की बरामदगी और आरोपी युवक की गिरफ्तारी की मांग की है। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण तनाव की स्थिति बनी है। कोतवाली के एसएसआई लोकेंद्र शर्मा ने कहा कि लड़की को जल्द ही बरामद कर लिया जाएगा।