पुलिस की बड़ी चूक
- सेल्समैन को गोली मारने वाले इनामी बदमाश को तमंचा बरामद कराने ले गए थे पुलिस कर्मी
- भागने की कोशिश में पुलिस की गोली लगने से घायल हुआ बदमाश, सीएचसी में भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
छपरौली (बागपत)। शराब के ठेके के सेल्समैन को गोली मारने के आरोप में पकड़े गए इनामी बदमाश से तमंचा बरामदगी के दौरान पुलिस से बड़ी चूक हुई। गन्ने के खेत में छिपाया गया तमंचा बदमाश से ही उठवाया गया। बदमाश ने तमंचा हाथ में आते ही पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश की। फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया, जिसे पकड़ लिया गया।
सीओ बड़ौत आलोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने बुधवार को रठौड़ा के शराब के ठेके के सेल्समैन गौरव को गोली मारने वाले अंकित को गिरफ्तार किया था। बृहस्पतिवार की दोपहर पुलिसकर्मी अंकित की निशानदेही पर तुगाना के जंगल में छिपाकर कर रखा गया तमंचा व कारतूस बरामद करने पहुंचे थे। आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने अंकित से ही गन्ने के खेत से प्लास्टिक की थैली में लिपटा तमंचा एवं कारतूस उठवाया। तमंचा हाथ में आते ही अंकित ने पुलिस कर्मियों पर फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश की। इसमें पुलिस कर्मी बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से अंकित घायल हो गया, जिसके बाद उसे दबोच लिया और बड़ौत सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
थाना प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि अंकित 25 हजार का इनामी है। उसके खिलाफ थाना छपरौली पर पुलिस पर हमले और शस्त्र अधिनियम सहित अन्य छह अभियोग पंजीकृत है। शराब ठेके के सेल्समैन पर फायरिंग में ठेकेदार प्रताप सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें अंकित और उसके साथी को नामजद किया गया है। अंकित के साथी की भी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है।
बरामदगी के दौरान बदमाश से ही तमंचा उठवाना गलत है। इस मामले में जांच में यदि पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आती है तो कार्रवाई की जाएगी। - आलोक कुमार, सीओ बड़ौत।