नीरा आर्या स्मृति मंच के प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को ज्ञापन सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा। केंद्र सरकार की उपेक्षा और अंग्रेजों के अत्याचार की शिकार खेकड़ा निवासी वीरांगना नीरा आर्या को पहचान मिलेगी। नीरा आर्या स्मृति मंच के तत्वावधान में प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से मिलकर नीरा के संबंध में ज्ञापन सौंपकर स्मारक और संग्रहालय बनवाने की मांग की। वहीं, डीएम ने शासन को प्रस्ताव भेजने पर सहमति दी है।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस के साथ आजाद हिंद फौज की महिला शाखा की वीरांगना नीरा आर्या ने देश के लिए पति को अपने हाथों कुर्बान कर दिया था। गुमनामी में खोई नीरा आर्या को देश के सामने लाने वाले साहित्यकार तेजपाल सिंह धामा इस अभियान में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि खेकड़ा में जल्द ही नीरा आर्या का स्मारक बनेगा। उनकी मूर्ति की स्थापना की जाएगी। हैदराबाद के मंदिर में रखी उनकी अस्थि कलश व अन्य महत्वपूर्ण सामान खेकड़ा में संग्रहीत किया जाएगा।
नीरा आर्या स्मृति मंच के तत्वावधान में रविवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने तेजपाल सिंह धामा के नेतृत्व में डीएम राजकमल यादव से मिलकर नीरा आर्या के संबंध में सौंपकर उनका स्मारक और संग्रहालय बनवाने की मांग की है। इस संबंध में जिलाधिकारी राजकमल यादव ने शासन को प्रस्ताव भेजने पर सहमति दी है। प्रतिनिधिमंडल में तेजपाल सिंह धामा, मनोज जैन, रजनीश तोमर, सचिन कुमार, लोकेश शर्मा आदि शामिल रहे।