बड़ौत। यहां मंगलवार को हुई बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो गईं। इससे गांधी रोड, जैन कॉलेज मार्केट और डाकखाना रोड समेत कई जगह करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
व्यापारी अजय, राहुल, मनोज व प्रवीण समेत अन्य का कहना है कि बारिश से सड़कों पर कई फुट तक पानी भर गया। यहां सोमवार को हुई बारिश के कारण भी सड़कों पर जलभराव हो गया था और पानी दुकानों में घुसने से काफी सामान खराब हो गया था। मंगलवार को भी बारिश के कारण नगर के मुख्य बाजार में दो फुट तक पानी जमा हो गया। इससे वाहनों का आवागन करीब दो घंटे तक बंद रहा, जिससे परेशानी उठानी पड़ी। व्यापारियों ने प्रशासन से स्थायी समाधान कराने की मांग की। वहीं नगर पालिका के ईओ मनोज रस्तोगी ने बताया कि बारिश अधिक होने से सड़कों पर पानी जमा हो जाता है। नालों की सफाई बेहतर कराई गई, इसलिए बारिश रुकते ही कुछ समय बाद ही पानी निकल जाता है।