बड़ौत। जोनामाना गांव में रविवार को बीए के छात्र बलराम (19) और उसकी प्रेमिका दृष्टि (18) की रस्सी से गला घोंटकर हत्या करने में पुष्पेंद्र का दूसरा भतीजा विनीत भी शामिल था। पुलिस ने पुष्पेंद्र के बाद विनीत को भी गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
जोनमाना गांव के बलराम की मृतक दृष्टि के भाई शक्ति के साथ दोस्ती थी और उनके खेतों की डोल भी एक ही है। दोनों का एक दूसरे के घर और रिश्तेदारी में भी आना जाना रहता था। रविवार की पुष्पेंद्र के घर में बलराम और दृष्टि की रस्सी से गला घोटकर हत्या कर दी गई। इसमें मृतक बलराम के पिता राजेश्वर ने पुष्पेंद्र, उसके बेटे शक्ति, भतीजे सुमित को नामजद कर मुकदमा दर्ज कराया।
पुलिस ने हत्यारोपी पुष्पेंद्र को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी। पुलिस की जांच में बलराम और दृष्टि की हत्या में पुष्पेंद्र के दूसरा भतीजा विनीत भी शामिल मिला। सीओ विजय कुमार तोमर ने बताया कि आरोपी पुष्पेंद्र और विनीत को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त रस्सी बरामद की गई। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। फरार हत्यारोपी शक्ति और सुमित की तलाश में दबिश दी जा रही है।