पुरा मंदिर को एक जोन, दो सेक्टर में बांटा, शिवरात्रि पर रहेगा कड़ा पहरा
बागपत। कांवड़ यात्रा और मेला स्थगित करने के बाद भी शिवरात्रि पर पुरा गांव में स्थित श्री परशुरामेश्वर महादेव मंदिर पर पुलिस-प्रशासन का कड़ा पहरा रहेगा। मंदिर क्षेत्र को एक जोन और दो सेक्टर में बांटा गया है। एसडीएम सदर रामनयन सिंह को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया है। अधिकारियों की ड्यूटी 18 जुलाई से ही शुरू होगी।
श्रावण माह की शिवरात्रि पर पुरा गांव में स्थित श्री परशुरामेश्वर महादेव मंदिर पर लाखों शिव भक्तों का मेला उमड़ता रहा है, लेकिन कोरोना संक्रमण के कारण इस बार कांवड़ यात्रा स्थगित की जा चुकी है। पुरा महादेव मंदिर समिति ने कांवड़ मेला स्थगित कर मंदिर के कपाट भी बंद कर रखे हैं। इसके बाद भी शिवरात्रि पर पुलिस प्रशासन का मंदिर के आसपास कड़ा पहरा रहेगा। एडीएम अमित कुमार सिंह ने बताया कि पुरा मंदिर को एक जोन और दो सेक्टर में बांटा है। एसडीएम सदर जोनल मजिस्ट्रेट होंगे, इसके अलावा सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। 18 जुलाई से ही ड्यूटी शुरू होगी। मंदिर कमेटी पहले ही कपाट बंद कर चुकी है, यहां जलाभिषेक की अनुमति नहीं होगी। मंदिर के चारों गेट और कांवड़ रास्तों पर पुलिस की ड्यूटी रहेगी।
घर में ही मनाएं शिवरात्रि, रात 12.41 से शुभ मुहूर्त
बागपत। शिवरात्रि पर जलाभिषेक का शुभ मुहूर्त 19 जुलाई की रात में 12 बजकर 41 मिनट पर है। पुरा मंदिर के पुजारी जयभगवान शर्मा ने बताया कि मंदिर के कपाट पूरी तरह बंद होंगे। श्रद्धालु अपने घरों में ही जलाभिषेक कर त्योहार मनाएं। मंदिर में किसी को जलाभिषेक की इजाजत नहीं होगी।
डीएम शकुंतला गौतम ने बताया कि ुरा गांव में स्थित श्री परशुरामेश्वर महादेव मंदिर कमेटी ने मंदिर के कपाट बंद कर रखे हैं। शिवरात्रि पर श्रद्धालु अपने घर में ही शिव की उपासना करें। कोरोना संक्रमण को देखकर यह कदम उठाया गया है।