बागपत। डीएम ह्दय शंकर तिवारी ने कहा विकास कार्यों में तेजी लाई जाए। जन कल्याणकारी एवं विकास के सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हो। निर्माण कार्यों में अधोमानक सामग्री का प्रयोग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जिन कार्यदायी संस्थाओं के कार्यालय जिला मुख्यालय में नहीं हैं, वह अपने कार्यालय मुख्यालय में खोलना सुनिश्चित करें। अधोमानक कार्य करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जाए। जिन परियोजनाओं का कार्य पूर्ण हो गया है, उन्हें हैंडओवर कराए।
विकास भवन सभागार में विकास प्राथमिकता के कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक की डीएम ने अध्यक्षता की। उन्होंने बताया किसान पारदर्शी योजना में किसानों का पंजीकरण बढ़ाया जाए। शत-प्रतिशत किसानों के पंजीकरण इस माह पूर्ण कर लिए जाए, ताकि किसान सब्सिडी युक्त बीज एवं खाद और कृषि उपकरण खरीद सकें। विकास योजनाओं को शीघ्र पूरा करें, ताकि आम जनता को सरकार की मंशा के अनुरूप इनका फायदा मिल सके।
ट्रामा विंग का निर्माण यूपीपीसीएल द्वारा किया जा रहा है। रोगी आश्रय स्थल छपरौली का कार्य भी पूर्ण है। जिलाधिकारी ने संस्थागत प्रसवों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। सोलर पंप स्थापना में 58 का लक्ष्य प्राप्त हुआ हैं। 55 आवेदन स्वीकृत किए हैं। रानी लक्ष्मीबाई महिला सम्मान में शत प्रतिशत कार्य पूर्ण किया।
राजीव गांधी विद्युतीकरण की समीक्षा की। वर्ष 2015-16 के सभी गांव संतृप्त किए। वर्ष 2016-17 के सभी गांवों को संतृप्त करने का कार्य इसी माह शुरू किया जाएगा। डीएम ने समाजवादी, वृद्धावस्था, विकलांग एवं विधवा पेंशन की समीक्षा की। स्वच्छ भारत मिशन योजना में चार गांवों को 15 अगस्त तक ओडीएफ कराया जाएगा। किरठल एवं कोताना बांगर पॉलीटेक्निक के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की।
अधिक से अधिक गवाहों को तारीख पर पेश कराया जाए
बागपत। डीएम हृदय शंकर तिवारी की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में अभियोजन कार्यों की समीक्षा की गई। डीएम ने कहा अदालत मेें वादों की पैरवी प्रभावी ढंग से करना सुनिश्चित किया जाए। अधिक से अधिक गवाहों को तारीख पर पेश कराया जाए। जिलाधिकारी ने 302, 304, एनडीपीसी एक्ट, एससी/एसटी एक्ट आदि वादों की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने गैंगेस्टर अधिनियम के अंतर्गत माह में दायर वाद एवं निर्णित वादों की समीक्षा के साथ-साथ न्यायालयों में गवाहों की उपस्थिति के संबंधों में जिला एवं सत्र न्यायालय में विचाराधीन अपीलों की समीक्षा की। पुलिस पैरवी सेल के प्रभारी भी शासकीय अधिवक्ताओं के संपर्क में रहें। इन मामलों में किसि तरह की ढील नहीं बरती जानी चाहिए। सीओ बागपत कर्मवीर सिंह एवं अन्य मौजूद रहे।
वसूली में तेजी लाने के निर्देश
बागपत। डीएम हृदय शंकर तिवारी ने कहा जनपदीय अधिकारी अपने लक्ष्य के सापेक्ष वसूली करें। मंडल में जनपद की स्थिति सम्मानजनक रहनी चाहिए। शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने कलक्ट्रेट सभागार में कर-करेत्तर एवं राजस्व वसूली की माह जुलाई की समीक्षा की। नगर निकाय वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए।