-तहसील में एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर भूमि की पैमाइश कराकर समस्या का समाधान कराने की मांग की
फोटो संख्या 3
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। जनता वैदिक कॉलेज की प्रबंध समिति और आजीवन सदस्यों ने सोमवार को तहसील में धरना दिया। यह धरना बड़ौली गांव के पास कॉलेज की कृषि भूमि से रास्ता निकालने के विरोध में था। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर जमीन की पैमाइश कराकर समस्या का समाधान करने की मांग की।
कॉलेज की प्रबंध समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि बड़ौली गांव के पास कॉलेज की कृषि भूमि है। आरोप है कि कुछ लोगों ने ईंट और पत्थर डालकर भूमि से गोशाला में जाने के लिए रास्ता बना लिया। पैमाइश कराने के बाद पता चला कि कॉलेज की करीब दो बीघा भूमि भी कम हो गई है। वीरेंद्र पाल सिंह ने कहा कि कॉलेज प्रशासन को गोशाला के लिए रास्ता देने में कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि मगर पहले कॉलेज की घटी हुई भूमि को पूरा किया जाए। उन्होंने भूमि की पैमाइश कराकर निशानदेही करने और कब्जे को हटवाने की मांग की। इस मौके पर थांबा चौधरी ओमबीर सिंह, थांबा चौधरी ब्रजपाल सिंह, थांबा चौधरी देवेंद्र सिंह, संजीव चौधरी, राधेश्याम शर्मा, एडवोकेट वेदपाल सिंह पंवार और डॉ. महक सिंह उपस्थित थे। एसडीएम भावना सिंह ने भूमि की दोबारा पैमाइश कराकर समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया।