-नगर पंचायत अग्रवाल मंडी टटीरी की बोर्ड बैठक में रखे गए थे प्रस्ताव
फोटो 11
संवाद न्यूज एजेंसी
अग्रवाल मंडी टटीरी। नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में बृहस्पतिवार को कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें नालियों के चैनल की मरम्मत, बरसात से पहले नालों की सफाई और ई-रिक्शा के माध्यम से कूड़ा उठान की व्यवस्था शामिल है। बैठक में कस्बे की अन्य समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
नगर पंचायत अध्यक्ष बोर्ड बैठक में सभासदों ने कस्बे में टूटे हुए नालियों के चैनल और साफ-सफाई की खराब स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण गलियों में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है। इस समस्या के समाधान के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की गई।
अध्यक्ष सपना देवी ने जानकारी दी कि बैठक में कस्बे की पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त रखने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। इसके अतिरिक्त, नालियों के चैनलों की मरम्मत कराने और कुल 16 नालों की सफाई कराने के प्रस्तावों को भी बोर्ड ने अपनी सहमति दी। इन कार्यों से बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है।
बैठक में अधिशासी अधिकारी हरिलाल पटेल, वरिष्ठ लिपिक अंकित शर्मा, सभासदों में अर्पित रोहिल्ला, राजीव गोयल, यूनुस खान और मनोज आर्या शामिल रहे।