बागपत/अमीनगर सराय। विधानसभा क्षेत्र के एक प्रत्याशी का प्रचार वाहन को पुलिस ने पकड़ लिया। इस दौरान पुलिस की उनके समर्थकों से नोकझोंक हुई। कई घंटे बाद वाहन पर लगाए गए प्रचार सामग्री की पूरी अनुमति दिखाई गई। इसके बाद पुलिस ने वाहन को छोड़ा। इसके अलावा सिंघावली अहीर थाने के पास बगैर अनुमति के जनसभा होने की सूचना पर पुलिस दौड़ी।
एक दल के प्रत्याशी का प्रचार वाहन रविवार सुबह करीब 11.30 बजे शहर के होली चौक के पास पहुंचा। सीओ श्वेताभ पांडेय और कोतवाल अरुण कुमार द्विवेदी ने उसको रोक लिया। चालक से जानकारी की तो उस समय वह वाहन पर लगे सभी प्रसार सामग्री की अनुमति नहीं दिखा पाया। पुलिस चालक समेत वाहन को कोतवाली ले गई। बाद में अनुमति दिखाने पर पुलिस ने वाहन को छोड़ दिया। वहीं, सिंघावली अहीर थाने से करीब 100 मीटर की दूरी पर एक प्रत्याशी के समर्थक जनसभा कर रहे थे। इसकी जानकारी पुलिस को लगी। जब तक पुलिस वहां पर पहुंची, प्रत्याशी समर्थक अपने वाहन लेकर रफूचक्कर हो गए। थानाध्यक्ष राजेश कुमार भारती का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।