बागपत जिला अस्पताल में घायल बंदी महबूब को ले जाते पुलिसकर्मी। संवाद
बागपत, खेकड़ा। चचेरे भाई की कैंची से वार कर हत्या करने के आरोपी जेल में बंद सावेज ने जेल में दूसरे बंदी महबूब निवासी लाइनपार बस्ती पर अलाव की जलती लकड़ी से हमला कर घायल कर दिया। घायल बंदी का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया, जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया।
कस्बे की लाइनपार बस्ती के रहने वाले महबूब के खिलाफ चोरी के प्रयास का मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें वारंट होने पर 30 जनवरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बताया कि शुक्रवार को महबूब जेल में ही काम कर रहा था, तभी किसी बात को लेकर दोघट के सावेज के साथ उसकी कहासुनी हो गई। इस पर सावेज ने जेल में जल रही अलाव की लकड़ी उठाकर महबूब के सिर पर वार कर दिया। इसमें महबूब गंभीर रूप से घायल हो गया।
वहां पहुंचे पुलिसकर्मियों ने घायल महबूब का जेल के अस्पताल में उपचार कराया, वहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल में भी चिकित्सकोें ने प्राथमिक उपचार देने के बाद रेफर कर कर दिया।
इस मामले में जिला जेल के जेलर राजेश कुमार राय का कहना है कि घायल बंदी का उपचार कराया जा रहा है, अब उसकी हालत ठीक है। घायल के बयान लेने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।