यूपी बोर्ड परीक्षा :
रट्टा मारने के बजाए गणित और विज्ञान के सूत्रों को लिख-लिखकर याद करें
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। यूपी बोर्ड परीक्षा का समय नजदीक आ गया है। जैसे-जैसे परीक्षा का समय नजदीक आ रहा है, वैसे ही परीक्षार्थियों की टेंशन बढ़ रही है। परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्रों को विशेषज्ञ पौष्टिक आहार के साथ पूरी नींद लेने और रट्टा मारने के बजाए गणित और विज्ञान के सूत्रों को लिख-लिखकर याद करने की सलाह दे रहे है। शिक्षकों का कहना है कि लिखकर याद करने से परीक्षा की तैयारी में आसानी होती है। पढ़ाई के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें। बायोलॉजी के शिक्षक छात्रों को चित्रों पर विशेष फोकस करने की सलाह दे रहे है।
चित्रों में बसती है बायो की आत्मा
चित्रों के बिना बायोलॉजी अधूरी है। बायोलॉजी की आत्मा उसके चित्रों में बसती है। उन्होंने परीक्षा की तैयारी करने समय थ्योरी के साथ-साथ चित्रों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत होती है। चित्रों के बिना परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त नहीं किए जा सकते है। - अशोक बंधु भारद्वाज, बायोलॉजी प्रवक्ता, श्री यमुना इंटर कालेज
---
जितना पूछा जाए उतना ही उत्तर दें
परीक्षा को लेकर छात्र टेंशन लेने के बजाए शांत मन से परीक्षा की तैयारी करें। परीक्षा में उतना ही उत्तर दें, जितना पूछा जाए। परीक्षा की तैयारी सेलेबस के आधार पर ही करें। रात में समय से सोए और पूरी नींद लें। - पारुल सिंघल, श्री यमुना इंटर कालेज
---
लिख-लिखकर करें सूत्रों को याद
परीक्षा की तैयारी करने में परेशानी न हो इसके लिए विज्ञान और गणित के सूत्रों को लिख-लिखकर याद करना चाहिए। लिखकर याद करने से सूत्रों को आसानी से याद किया जा सकता है और प्रश्न हल करने में आसानी रहती है। परीक्षा में प्रश्न पत्र हल करते समय कठिन प्रश्नों हल करने में समय बर्बाद ना करें। अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए पहले आसान प्रश्नों को हल करें। - पूनम सिंह, जीजीआईसी, बागपत
---
आत्मविश्वास और लग्न के साथ करें तैयारी
किसी भी परीक्षा की तैयारी के लिए आत्मविश्वास और लग्न के साथ-साथ समय प्रबंधन भी बहुत जरूरी है। लग्न और समय प्रबंधन के साथ की गई तैयारी से आसानी से सफलता को प्राप्त किया जा सकता है। - वंदना शर्मा, जीजीआईसी, बागपत