बागपत के छपरौली सीएचसी पर सोमवार को गर्भवती महिला की मौत सुबह नौ बजे हो गई थी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि चिकित्सकों ने न तो महिला के शव को भेजने की व्यवस्था कराई और न ही परिवार को उसका शव सौंपा। इस मामले में सीएमओ ने जांच के उपरांत कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सोमवार को कस्बे की सीएचसी पर ककड़ीपुर की गर्भवती महिला की डिलीवरी के दौरान मौत हो गई थी। महिला की मौत के बाद परिजनों ने चिकित्सकों के खिलाफ लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए थाने पर रिपोर्ट दर्ज करने को लेकर हंगामा किया था। इस दौरान परिजनों व पुलिस के बीच नोकझोंक हो गई थी।
सीएमओ डॉ आरके टंडन के निर्देश पर अरविंद मलिक एवं अन्य टीम के सदस्य सीएचसी छपरौली पहुंचे और कर्मचारियों के बयान लिए थे। मंगलवार को मृतका के पति लोकेंद्र ने बताया कि उसकी पत्नी की मौत सुबह नौ बजे हो गई थी।
चिकित्सकों ने दोपहर दो बजे तक भी उसके शव को अस्पताल में रखे रखा। उच्चाधिकारियों को सूचित किए जाने के बाद महिला का शव परिजनों को दिया गया। परिजनों की शिकायत पर सीएमओ डॉ आरके टंडन ने टीम गठित कर जांच करने के निर्देश दिए थे।
सोमवार देर रात टीम ने सीएचसी पहुंचकर तैनात कर्मचारियों के बयान दर्ज किए। इस बारे में सीएमओ डॉ आरके टंडन का कहना है कि अभी जांच रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उधर, चिकित्सा अधीक्षक डॉ अजेंद्र मलिक ने आरोपों को निराधार बताया है।