फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रधानी की रंजिश में हत्या: ऋषिपाल की पीठ में मारी गोली सीने के पार निकली, चुनाव से पहले पाला बदलने पर वारदात

Sun, 14 Dec 2025 11:45 AM IST
मोहम्मद मुस्तकीम अमर उजाला नेटवर्क, बागपत

सार

Baghpat News: बिहारीपुर गांव में प्रधान देवप्रिय के विपक्षी भावी प्रत्याशी का साथ देने पर ऋषिपाल की हत्या की गई। पिछले चुनाव में ऋषिपाल ने देवप्रिय का साथ दिया था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। 
विज्ञापन
ऋषिपाल की फाइल फोटो और मौके पर जमा ग्रामीण व पुलिस। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहारीपुर गांव में प्रधान पद के भावी प्रत्याशी अमित का साथ देने पर शुरू हुई रंजिश में किराना दुकानदार ऋषिपाल (57) की पीठ पर तमंचा सटाकर गोली मारकर हत्या की गई। गोली सीने से पार निकल गई। ऋषिपाल के बेटे ने प्रधान देवप्रिय समेत छह नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। एसपी सूरज कुमार राय समेत अन्य अफसरों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
विज्ञापन

 

बिहारीपुर गांव निवासी शुभम ने बताया कि शनिवार सुबह करीब पांच बजे उसके पिता ऋषिपाल दुकान खोलने से पहले बाहर झाड़ू लगा रहे थे। आरोप है कि तभी प्रधान देवप्रिय, दिनेश निवासी दत्तनगर और दो अज्ञात युवक वहां आए, जिन्होंने उसके पिता के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। 
 

शोर सुनकर वह अपने तहेरे भाई संजीव के साथ मकान के बाहर आया तो दिनेश, देवप्रिय ने तमंचे से उसके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद चारों हमलावर उन्हें भी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए। 
 

शुभम ने बताया कि दो सप्ताह पहले प्रधानी के चुनाव की रंजिश में देवप्रिय, आजाद, प्रियवृत्त, थम्बू ने उनके साथ झगड़ा किया और घर में घुसकर तमंचे से गोली मारने की धमकी दी थी। इसी रंजिश में उसके पिता की हत्या की गई है। एक दिन पहले उसका भाई राजीव दुकान पर गया था तो वहां पर ओमवीर, देवप्रिय और आजाद को उसके पिता ऋषिपाल की हत्या की योजना बनाते हुए सुना। 
 

बिहारीपुर गांव में प्रधानी के चुनाव की रंजिश में हत्या की सूचना मिलते ही एसपी सूरज कुमार राय, सीओ अंशु जैन समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहां पर फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए और डॉग स्क्वायड टीम ने भी जांच की। घटना के खुलासे के लिए एसपी ने चार टीमें गठित की हैं। इसमें पुलिस ने प्रधान देवप्रिय समेत कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की।
 

प्रधान पद के भावी प्रत्याशी के साथ आ गया था ऋषिपाल का परिवार
ग्रामीणों ने बताया कि दुकानदार ऋषिपाल पिछले चुनाव में वर्तमान प्रधान देवप्रिय के साथ थे, लेकिन पिछले कुछ दिनों से प्रधान पद के चुनाव के भावी प्रत्याशी अमित के साथ नजर आ रहे थे। कुछ दिन पहले लोनी में शादी में अमित के साथ ऋषिपाल का बेटा शुभम चला गया था। वहां से अमित अकेले वापस आए, जबकि शुभम दूसरी गाड़ी से वापस आए। इसको लेकर गांव में कई बार ऋषिपाल के बेटे शुभम पर टिप्पणी भी की गई। यह भी बताया जा रहा है कि ऋषिपाल ने देवप्रिय को चुनाव में वोट देने से साफ मना कर दिया था।
 

सीसीटीवी कैमरा बंद बताने वाले मकान मालिक से भी पूछताछ
दुकानदार ऋषिपाल की हत्या की जांच में जुटे पुलिसकर्मियों ने पास में एक मकान पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का प्रयास किया। तभी मकान मालिक ने सीसीटीवी कैमरे बंद होने के बारे में बताया। हत्या की घटना के समय सीसीटीवी कैमरे बंद होने पर मकान मालिक भी पुलिस के संदेह के दायरे में आ गया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने मकान मालिक से भी पूछताछ की। बताया कि पुलिस की चारों टीमों ने हत्या को लेकर छह-सात लोगों से पूछताछ की।
 

गांव में तनाव का माहौल
बिहारीपुर गांव में प्रधानी पद के चुनाव की रंजिश में दुकानदार ऋषिपाल की हत्या के बाद तनाव का माहौल बन गया है। ग्रामीण भी दो पक्षों में बंट गए हैं। इसको लेकर बिहारीपुर गांव में पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं।
 

पुलिस कई बिंदुओं पर कर रही जांच
बिहारीपुर गांव में ऋषिपाल की हत्या का कारण प्रधानी के चुनाव को लेकर शुरू हुई रंजिश बताई गई मगर पुलिस ने कई अन्य बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी। इसमें ऋषिपाल के परिवार के साथ हुए विवाद से लेकर वर्तमान प्रधान के साथ चल रही रंजिशों का भी रिकार्ड खंगाला जा रहा है। इसके अलावा चुनाव की तैयारियों में जुटे भावी प्रत्याशियों के बारे में भी जांच पड़ताल कराई जा रही है। बिहारीपुर गांव में वर्ष 2015 में हुए दोहरे हत्याकांड को लेकर भी जांच की जा रही है।
 
विज्ञापन

पीठ में मारी गोली सीने से निकली
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार गोली पीठ में मारी गई और सीने से पार निकल गई। जिसका निशान पीठ पर और सीने पर मिला है। पुलिस ने घटनास्थल से खोखे को कब्जे में ले लिया। पोस्टमार्टम में ऋषिपाल के सीने और पीठ में लगी गोली के अलावा दूसरी चोट का निशान नहीं मिला।

ये बोले एसपी 
जांच में कई अहम जानकारी हाथ लगी हैं और कई लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा। 
- सूरज कुमार राय, एसपी
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें